इंदौर। देश के सबसे स्वच्छतम शहर इंदौर में दूषित पेयजल से 15 लोगों की मौत और एक हजार से अधिक लोगों के बीमार होने के लिए इंदौर के महापौर और नगर निगम के अधिकारियों के बीच समन्वय के अभाव की बात भी सामने आई है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के रवैये पर खुलकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बेबसी जताते हुए है कहा- ‘अधिकारी सुनते नहीं हैं। मैं ऐसे सिस्टम में काम नहीं कर सकता।’
महापौर की इस बात पर अपत्ति दर्ज कराते हुए मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को इंदौर के भाजपा नेताओं को घेरा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह कौन कह रहा है कि हमारी चली नहीं। जब आपकी नहीं चली तो आप पद पर बैठे हुए बोतलबंद पानी क्यों पीते रहे? पद छोड़कर जनता के बीच क्यों नहीं पहुंचे? ऐसे पापों का कोई स्पष्टीकरण नहीं होता। या तो प्रायश्चित या दंड।
गुरुवार को शहर की रेसीडेंसी कोठी में प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में हुई बैठक में महापौर भार्गव का दर्द बाहर आया। उन्होंने शासन में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) संजय दुबे से कहा मैं किस काम का महापौर हूं। क्या इसके लिए राजनीति में नहीं आया था। फैसलों का ही पालन नहीं हो रहा।
अधिकारियों की वजह से काम प्रभावित हो रहा है। अधिकारी बता दें कि कितनी बार फोन करना पड़ेगा? कहेंगे तो सौ बार फोन लगाऊंगा। मैं ऐसे सिस्टम में काम नहीं कर सकता। आप मुख्यमंत्री तक यह संदेश पहुंचा दो। एसीएस दुबे ने कहा कि इंदौर नगर निगम को कुछ और अधिकारी दे देते हैं।
इस पर महापौर ने कहा कि अधिकारियों की कमी नहीं है। जो अधिकारी हैं, वे ईमानदारी से काम कर लें तो स्थिति सुधर जाएगी। अधिकारी काम ही नहीं करना चाहते हैं। बैठक में कुछ पार्षदों ने शिकायत की कि अधिकारियों की कार्यशैली की वजह से मारपीट की नौबत तक आ जाती है।
