CBSE पैटर्न पर निशुल्क आवासीय शिक्षा, स्मार्ट क्लास, लैब और लैपटॉप की सुविधा

गढ़वा, 28 नवंबर। जनजातीय बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के उद्देश्य से जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से देशभर में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की स्थापना की गई है। झारखंड के आकांक्षी जिले गढ़वा में भी एकलव्य विद्यालय जनजातीय बच्चों का भविष्य संवारने में अहम भूमिका निभा रहा है।
गढ़वा का भंडरिया इलाका कभी नक्सलियों की गोलियों की आवाज से गूंजा करता था, लेकिन अब यहां एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की घंटियां सुनाई दे रही हैं। जिला कल्याण पदाधिकारी देवानंद राम ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर मुख्यधारा से जोड़ना है। प्रधानाचार्य विक्रम कुमार राव ने कहा कि बच्चों को विकसित भारत के लिए तैयार करने की कोशिश हो रही है।
विद्यालय में बच्चों को सीबीएसई पैटर्न पर निशुल्क आवासीय शिक्षा दी जा रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि उग्रवाद के कारण पहले यहां किसी विद्यालय का संचालन नहीं होता था, लेकिन अब छात्रावास, भोजन, किताबें, यूनिफॉर्म, लैपटॉप और खेल की सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्मार्ट क्लास, साइंस लैब, कंप्यूटर लैब और बड़ा खेल मैदान उनके सपनों को उड़ान दे रहे हैं।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#एकलव्यविद्यालय #गढ़वा #झारखंड #जनजातीयशिक्षा
