टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) तमिलनाडु के पनपक्कम में अपनी विनिर्माण इकाई में ₹9,000 करोड़ का निवेश करेगी। कंपनी का लक्ष्य अगले 5-7 वर्षों में उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 2.5 लाख इकाई सालाना करना है, जिसमें ईवी भी शामिल हैं। इस संयंत्र से निकलने वाला पहला वाहन स्थानीय रूप से निर्मित ‘रेंज रोवर इवोक’ होगा। यह निवेश घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग को पूरा करेगा।

कंपनी और उसकी अनुषंगी इकाई जगुआर लैंड रोवर ऑटोमोटिव पीएलसी (जेएलआर) ने तमिलनाडु के रानीपेट जिले के पनपक्कम स्थित संयंत्र में परिचालन शुरू करने की घोषणा की। टीएमपीवी ने बयान में कहा कि यह सुविधा अगली पीढ़ी के वाहनों (ईवी सहित) के उत्पादन के लिए एक नये संयंत्र के विकास के पहले चरण को दर्शाती है।
