थाईलैंड, वियतनाम और श्रीलंका से आए बौद्ध अनुयायियों ने निकाली शोभायात्रा

सांची (रायसेन), 28 नवंबर। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महाबोधि उत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले दिन चैत्यगिरि विहार मंदिर से भगवान गौतम बुद्ध के परम शिष्य महामोदगल्यायन और शारिपुत्र के पवित्र अस्थि कलश तहखाने से बाहर निकाले गए।
प्रशासन और महाबोधि सोसाइटी ऑफ श्रीलंका के पदाधिकारियों की मौजूदगी में अस्थि कलश की विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पवित्र अवशेष रखे गए। प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल और सांची विधायक प्रभुराम चौधरी ने भी दर्शन किए।
इससे पहले थाईलैंड, वियतनाम और श्रीलंका से आए बौद्ध अनुयायियों ने शोभायात्रा निकाली। उत्सव को लेकर बौद्ध अनुयायियों और पर्यटकों में खासा उत्साह है।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#सांची #महाबोधिउत्सव #बौद्धधर्म #रायसेन
