नई दिल्ली। मारिजान काप के नाबाद 81 रनों की पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद काप के नाम का तूफान आया और उसमें भारतीय टीम उड़ गई। काप ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और अपनी टीम को जीत दिलाई। इसी के साथ भारत का सेमीफाइनल में पहुंचने का पेंच भी फंस गया है।
भारत के 159 रनों के लक्ष्य को अफ्रीकी टीम ने 19.1 ओवरों में हासिल कर लिया और मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की। मुकाबले में श्री चरणी ने एक समय पर एक ओवर में 2 विकेट हासिल कर टीम इंडिया की वापसी कराई लेकिन काप क्रीज पर डटी रहीं। उन्हें एक जीवनदान मिला और राधा यादव ने उनका कैच टपका दिया था। काप ने इसका पूरा फायदा उठाया और 81 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

