नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में 22 साल की एक महिला को उसके परिवार वालों ने प्रेम विवाह करने के चलते मार डाला। इसके बाद एक पुलिस अधिकारी की मदद से बेटी की हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।

यह घटना पिछले महीने आंध्र प्रदेश के माचेरला शहर में हुई थी। यहां एक चौदेश्वरी नाम की महिला को गला घोंटकर मार दिया गया।
परिवार वालों ने रची हत्या की साजिश
आंध्र प्रदेश की चौदेश्वरी नाम की महिला एक आदमी के साथ रिश्ते में थी, लेकिन लड़की के परिवार वालों को वो लड़का पसंद नहीं था। घरवालों ने दोनों की शादी का विरोध किया था।
चौदेश्वरी 4 मार्च को घर छोड़कर अपने माता-पिता की मर्जी के खिलाफ अपने प्रेमी से शादी करने चली गई। कुछ दिनों बाद, उसके परिवार वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद महिला को ढूंढने के लिए तलाशी शुरू की गई।
माचेरला शहर के सर्किल इंस्पेक्टर ने 15 मार्च को इस कपल का पता लगाया और महिला को उसके माता-पिता के घर लौटने के लिए मजबूर कर दिया।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, अधिकारी ने महिला को धमकाया और उसे उसके परिवार वालों के हवाले कर दिया। घर पहुंचने के तीन दिन बाद, चौदेश्वरी अपने माता-पिता के घर मृत पाई गई।
पुलिस ने पिता को किया गिरफ्तार
महिला के परिवार वालों ने शुरुआत में दावा किया था कि चौदेश्वरी ने आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि चौदेश्वरी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। डॉक्टरों ने बताया कि सोते समय तकिये से उसका दम घोंटा गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के पिता चंद्रश्रीनु और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया गया, क्योंकि जांचकर्ताओं का मानना था कि उन्होंने उनकी मर्जी के खिलाफ शादी करने के गुस्से में यह अपराध किया था।
जांचकर्ताओं को आगे पता चला कि सर्किल अधिकारी भी इस हादसे में मिला हो सकता है। पुलिस को शक है कि चौदेश्वरी के माता-पिता से उसने रिश्वत ली थी और उन्हें बचाने की कोशिश की थी। पुलिस बैंक रिकॉर्ड की तलाशी भी कर रही है।
इस मामले में अभी अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है और यदि वह दोषी पाया जाता है, तो उसे साजिश रचने, रिश्वत लेने और सबूत नष्ट करने के लिए आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।
