नई दिल्ली। करीब 6 महीने पहले दिग्गज आईटी कंपनी Google और आंध्र प्रदेश सरकार के बीच डेटा सेंटर हब बनाने के लिए एक समझौता हुआ था। अब गूगल 28 अप्रैल को औपचारिक तौर पर इस प्रोजेक्ट की शुरुआत करेगी। 1 GW क्षमता वाले Google डेटा सेंटर हब का शिलान्यास आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और कंपनी के टॉप ऑफिशियल्स की उपस्थिति में होगा, जिनमें थॉमस कुरियन भी शामिल हैं।

सबसे बड़ा सिंगल फॉरेन डायरेक्ट इंवेस्टमेंट
गूगल का यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसे $15 बिलियन (1.40 लाख करोड़ रुपये) के निवेश से तैयार किया जाएगा। यह भारत में अब तक का सबसे बड़ा सिंगल फॉरेन डायरेक्ट इंवेस्टमेंट भी होगा। इस प्रोजेक्ट में विशाखापत्तनम के पास तीन डेटा सेंटर कैंपस शामिल होंगे।
कहां-कहां होंगे 3 डेटा सेंटर
-अदाविवरम गाँव (विशाखापत्तनम जिला)
-तरलुवाडा गाँव (विशाखापत्तनम जिला)
-रामबिल्ली (अनाकापल्ली जिला)
कंपनी को मिल गई है जमीन
प्रोजेक्ट के लिए जमीन Raiden Infotech India Private Limited को सौंप दी गई है, जो Google की एक सहायक कंपनी है और इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी औपचारिक शुरुआत Tarluvada या Rambilli साइट पर होगी।
राज्य सरकार ने रामबिल्ली में 174.8 एकड़, अदाविवरम और मुदासर्लोवा में 160 एकड़, और तरलुवाडा में 266.6 एकड़ जमीन आवंटित की है।
कब तक होंगे शुरू?
जुलाई 2028 तक, कुल 1 GW क्षमता वाले तीन डेटा सेंटर चालू होने की उम्मीद है। इन तीन हाई-एंड डेटा सेंटरों में तीन हाई-कैपेसिटी वाली सबमरीन केबल लगाना और उन्हें जमीन पर लाना, खास केबल लैंडिंग स्टेशन और हाई-कैपेसिटी वाली मेट्रो फाइबर लाइन्स और टेलीकम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होंगे।
एशिया का सबसे बड़ा डेटा सेंटर
अब तक, Google और इसकी सहायक कंपनियों के 11 देशों में डेटा सेंटर हैं, जो 29 जगहों पर फैले हुए हैं। इन देशों में अमेरिका, ताइवान, जापान, सिंगापुर, आयरलैंड, नीदरलैंड, डेनमार्क, फ़िनलैंड, जर्मनी, बेल्जियम और चिली शामिल हैं।
उम्मीद की जा रही है कि विशाखापत्तनम में स्थित डेटा सेंटर क्लस्टर के एशिया का सबसे बड़ा डेटा सेंटर होने की उम्मीद है।
अदाणी ग्रुप की लेगी मदद
Raiden ने डेटा सेंटर हब स्थापित करने के लिए Adani Infra के साथ साझेदारी की है। प्रोजेक्ट के लिए अदाणी इंफ्रा ने Special Purpose Vehicles बनाई हैं। तीनों जगहों पर जमीन विजाग हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क लिमिटेड (अदविवरम और मुदासरलोवा में 160 एकड़), विजाग मेगा डेटा सेंटर पार्क लिमिटेड (तार्लुवाड़ा में 266.6 एकड़), और विजाग रामबिल्ली डेटा सेंटर पार्क लिमिटेड (रामबिल्ली में 174.8 एकड़) को आवंटित की गई है।
