26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर होने वाली 77वीं गणतंत्र दिवस परेड में भारत की उन्नत S-400 वायु रक्षा प्रणाली पहली बार प्रदर्शित की जाएगी। यह प्रणाली, जिसने पिछले साल मई में पाकिस्तान के साथ हुए सैन्य संघर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पांच पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को मार गिराया था, सैन्य मामलों के विभाग की त्रि-सेवा झांकी में प्रमुख आकर्षण होगी।

वायु सेना के एयर कमोडोर मनीष सभरवाल ने शुक्रवार को बताया कि S-400 प्रणाली को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रभावी ढंग से तैनात किया गया था। एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने पिछले साल अगस्त में पुष्टि की थी कि इस रूसी मूल की उन्नत मिसाइल सिस्टम ने ऑपरेशन सिंदूर में पांच पाकिस्तानी फाइटर जेट्स को गिराया, जो वैश्विक स्तर पर सबसे लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने का रिकॉर्ड माना जा रहा है। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब था, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे।
