नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा दबाव तेजी से मजबूत हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह मौसम प्रणाली 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदल सकती है। इसके बाद 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना गहरा दबाव उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में यह आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। इस दौरान समुद्र में तेज हवाएं चलने और समुद्र की स्थिति खराब होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। तमिलनाडु में 18 और 19 नवंबर तथा ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी 16 से 19 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी आने वाले दिनों में वर्षा हो सकती है।
