77वें गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर 30 झांकियां दिखेंगी, जिनमें 17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और 13 केंद्रीय मंत्रालयों की झांकियां शामिल हैं। इनकी थीम ‘वंदे मातरम’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पर आधारित है। परेड में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का शौर्य और पहली बार भारतीय सिनेमा की झलक भी देखने को मिलेगी। संजय लीला भंसाली और एमएम कीरावनी भी इसमें योगदान देंगे, जो सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय प्रगति को दर्शाएगा।

गुरुवार को राष्ट्रीय रंगशाला में रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस साल गणतंत्र दिवस परेड में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा 13 केंद्र सरकार के विभागों की कुल 30 झांकियां हिस्सा लेंगी। इन झांकियों की थीम ”स्वतंत्रता का मंत्र वंदे मातरम एवं समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत” रखी गई है। मतलब वंदेमातरम के 150 वर्ष पूरे होने और आत्मनिर्भर भारत पर केंद्रित मुख्य विषय के साथ, राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और मंत्रालयों की 30 झांकियां एकता, आत्मनिर्भरता और समावेशी राष्ट्रीय प्रगति को प्रदर्शित करेंगी।
