अमृतसर। मुख्यमंत्री भगवत मान ने अमृतसर के लिए केबल कार प्रोजेक्ट शुरू करने की घोषणा की है। इसमें श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को श्री हरिमंदिर साहिब, आगे वाघा बार्डर और बस स्टैंड की कनेक्टिविटी की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पुराने शहर की तंग गलियों-सड़कों को चौड़ा करना संभव नहीं है, इसलिए केबल कार प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है, जिसमें हर दो मिनट बाद केबल कार चलेगी।

ये बात मुख्यमंत्री मान ने 19 मई को अपने गांव सतोज में पोल फ्री गांव के प्रोजेक्ट की शुरुआत करने के दौरान कही। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के कार्यकाल में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने भी वर्ष 2011 में मेग्नेटिक पाड प्रोजेक्ट लाने की घोषणा की थी, लेकिन व्यापारिक एसोसिएशनों व आटो चालकों के विरोध और सरकार बदलने के कारण सिरे नहीं चढ़ पाया था।
