नई दिल्ली। राजधानी के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में अब अभिभावकों की भूमिका पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो सकती है। दिल्ली सरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी विद्यालय प्रबंंधन समिति (एसएमसी) दिशानिर्देश 2026 के बाद दिल्ली सरकार सभी सरकारी और निजी स्कूलों का स्कूल प्रबंधन का ढांचा बदलने की तैयारी कर रही है।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से राजधानी में नए एसएमी ढांचे को लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा। ऐसा होने पर पहली बार दिल्ली के निजी स्कूलों में भी अभिभावकों को संस्थागत स्तर पर भागीदारी मिल सकती है। दिल्ली में वर्तमान में लगभग 1,030 सरकारी और करीब 1,700 निजी स्कूल हैं। सरकारी स्कूलों में एसएमसी पहले से लागू है, लेकिन नई गाइडलाइंस के बाद इसके दायरे और अधिकारों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
