जयशंकर ने पोलैंड के उप प्रधानमंत्री सिकोर्सकी से मुलाकात में यूक्रेन युद्ध पर भारत की आलोचना को अनुचित बताया। उन्होंने सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा भी उठाया, पोलैंड से शून्य सहिष्णुता दिखाने का आग्रह किया। जयशंकर ने स्पष्ट किया कि भारत अपने मूल हितों पर सतर्क रहते हुए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना चाहता है। यह बैठक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की घोषणा से पहले हुई है।

सिकोर्सकी अभी नई दिल्ली दौरे पर हैं और सोमवार को जब उनकी अपने अधिकारियों के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ आधिकारिक बैठक हुई तो भारतीय विदेश मंत्री ने अपनी बात खरी खरी उनके समक्ष रख दी। जयशंकर ने पहले यूक्रेन मामले में भारत पर लगाये गये आरोपों को अनुचित करार दिया साथ ही पाकिस्तान समर्थित सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा भी उठाया। साफ था कि भारत पोलैंड के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर गंभीर है और इसे आगे बढ़ाना चाहता है लेकिन अपने मूल हितों को लेकर वह हमेशा सतर्क रहता है।
