कोलकाता: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बहुप्रतीक्षित बायोपिक ‘दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी’ (Dada- The Sourav Ganguly Story) की शूटिंग कोलकाता में शुरू हो गई। सोमवार सुबह बेहला स्थित सौरव के पुराने घर व आसपास के इलाकों में कई दृश्य फिल्माए गए। शूटिंग देखने बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे।
चर्चा में सौरव गांगुली की बायोपिक
सौरव के बचपन, किशोरावस्था और क्रिकेट के दिनों की कहानी को बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। अभिनेत्री अपराजिता आढ्य सौरव की मां निरूपा गांगुली की भूमिका निभा रही हैं। लाल किनारे वाली सफेद साड़ी, लंबी चोटी और माथे पर बड़ी लाल बिंदी में उनका रूप लोगों को बेहद पसंद आया। वहीं निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी पूरी शूटिंग की निगरानी करते नजर आए।

