भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है, जिसके लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई, लेकिन रविवार से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की उम्मीद है। सोमवार और मंगलवार को भी बारिश के आसार हैं, जबकि वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है।
शनिवार को न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को यह कम होकर 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को मौसम बदलने के कारण इसमें गिरावट आने की उम्मीद है।

