राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि दुनिया के देश आजकल अपने स्वार्थ के साथ चल रहे हैं। हर कोई चाहता है कि मेरा स्वार्थ सिद्ध होना चाहिए लेकिन भारत के लोग कभी इस सोच के साथ नहीं चले और न ही चलेंगे क्योंकि भारतीय धर्म को जानते हैं। भारत केवल अपने हित की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की चिंता करता है।

भागवत ने गुरुवार को राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के छोटी खाटू कस्बे में जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ के मर्यादा महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही।सर संघचालक ने कहा कि हमारे पूर्वज धर्म का सत्य जानते थे। धर्म के पीछे जो सत्य है वो बाकी दुनिया नहीं जानती थी, इसलिए सत्य, अहिंसा व अपरिग्रह आदि बातें केवल हमारे देश में हैं।
