राहुल गांधी ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल के मुद्दे को संसद में उठाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं से विधानसभा में इस विषय पर राज्य सरकार से जवाब मांगने को कहा। कांग्रेस अब 16 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में स्थगन प्रस्ताव लाएगी। पार्टी दूषित जल से हुई मौतों और जल आपूर्ति पर हुए खर्च को लेकर सरकार को घेरेगी, मुआवजे की राशि बढ़ाने की भी मांग की जा रही है।

भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर नगरीय क्षेत्र में सप्लाई किए जाने वाले जल के नमूनों के आधार पर तैयार की जा रही रिपोर्ट और जलापूर्ति के लिए अब तक हुए व्यय को आधार बनाकर विधानसभा में राज्य सरकार को घेरा जाएगा। स्पष्ट है कि राहुल गांधी के दौरे के बाद यह मामला आसानी से खत्म होने वाला नहीं है।
