पालघर। महाराष्ट्र पुलिस ने 41 साल के एक ऐसे आरोपित को गिरफ्तार किया है, जो पालघर जिले में अपने दोस्त की हत्या के बाद फरार चल रहा था। वह उत्तर प्रदेश में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस ने गुरुवार को आरोपित राजेश सुरेश सोनकर को प्रयागराज जिले के एक गांव से गिरफ्तार किया।

शुक्रवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस में एसीपी क्राइम मदन बल्लाल ने बताया कि आरोपित ने अपनी असली पहचान छिपाई हुई थी और उत्तर प्रदेश में ई-रिक्शा चला रहा था। यह मामला 27 दिसंबर, 2005 का है।
पालघर के भाटीबंदर गांव में 30 साल के दिलीप तुकाराम चव्हाण का शव मिला था। सिर पर गंभीर चोट लगने से चव्हाण की मौत हो गई थी। विरार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। लेकिन कोई सुराग न मिलने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
