नई दिल्ली। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को भरोसा जताया कि भारत 2029 तक 50,000 करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात के लक्ष्य को आसानी से पार कर लेगा। उन्होंने कहा कि देश पहले ही इस क्षेत्र में तेज विकास की राह पर है और वैश्विक मांग इसमें नई गति दे रही है।
‘एएनआई राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन 2.0’ में सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष भारत का रक्षा निर्यात करीब 38,000 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल में 61 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में चल रहे संघर्षों के कारण पारंपरिक हथियारों- जैसे गोला-बारूद और तोप के गोलों- की मांग तेजी से बढ़ी है।

