नई दिल्ली। बुधवार को सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क (Import Duty on Gold-Silver) को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील किए जाने के कुछ ही दिनों बाद उठाया गया है। पीएम मोदी ने मध्य पूर्व संकट से जुड़े आर्थिक तनाव और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव के चलते लोगों से सोना न खरीदने की अपील की थी।

ऐसे लगाई गई है 15% ड्यूटी
केंद्र सरकार ने कीमती धातुओं के आयात पर रोक लगाने, व्यापार घाटे को कम करने और रुपये को सहारा देने के मकसद से 10 प्रतिशत बेसिक कस्टम्स ड्यूटी के साथ-साथ 5 प्रतिशत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है।
दरअसल रुपया 95.75 प्रति डॉलर के अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुँच गया था, जिससे सरकार के लिए रुपये पर दबाव कम करना भी जरूरी हो गया था।
