पंजाब पुलिस ने पठानकोट के बमियाल बॉर्डर से पाकिस्तान द्वारा भेजी गई हथियारों की बड़ी खेप बरामद कर एक संभावित आतंकी हमले को विफल कर दिया है। बरामद हथियारों में तीन AK-47 राइफलें और दो पिस्तौल शामिल हैं। डीआईजी संदीप गोयल के अनुसार, यह खेप पाकिस्तान से संचालित बब्बर खालसा के आतंकी हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा ने भेजी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को तीन AK-47 राइफलें, पांच मैगजीन, दो पिस्तौल, दो मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से संचालित बब्बर खालसा के आतंकी हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा द्वारा भेजी गई थी। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों के जरिए भारत में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी।
