लुधियाना। साइकिल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की लगातार बढ़ती कीमतों ने महानगर के साइकिल उद्योग की चिंता बढ़ा दी है। स्टील, टायर-ट्यूब, पेंट, केमिकल्स और अन्य जरूरी कंपोनेंट्स के दामों में लगातार इजाफे के चलते अब उद्योग पर लागत का दबाव बन गया है। इसी के मद्देनजर जी-13 बाइसाइकिल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने एक अहम बैठक कर हालात की समीक्षा की और एक मई से साइकिलों के दाम बढ़ाने का फैसला लिया।

बैठक में उद्योग से जुड़े प्रमुख निर्माताओं ने हिस्सा लिया और कहा कि पिछले कई महीनों से इनपुट कास्ट में लगातार तेजी देखने को मिल रही है।
बढ़ती लागत के कारण मौजूदा कीमतों पर उत्पादन जारी रखना उद्योग के लिए चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। कारोबारियों का कहना है कि लागत बढ़ने का सीधा असर मुनाफे और उत्पादन की आर्थिक व्यवहार्यता पर पड़ रहा है। एसोसिएशन के अनुसार, एक मई से साइकिलों की कीमतों में प्रति साइकिल 100 रुपये तक बढ़ोतरी की जा सकती है। हालांकि, हर निर्माता अपने लागत ढांचे और बाजार की स्थिति को देखते हुए स्वतंत्र रूप से यह निर्णय लेगा।
