450 से अधिक लोग ले चुके अंगदान-देहदान का संकल्प, 3 अगस्त 2027 तक 10 हजार का लक्ष्य

भिलाई, 28 नवंबर। दुर्ग जिले के भिलाई में सर्वधर्म सेवा संस्था की ओर से अंगदान जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में अंगदानियों को सम्मानित किया गया और अंगदाता परिवारों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने के लिए स्पष्ट शासकीय नीति बनाने की जरूरत पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पर्यावरण विभाग के रीजनल ऑफिसर पी.एस. पांडे मुख्य अतिथि रहे, जबकि सेक्टर-9 अस्पताल के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय धाबर्डे और भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विद्या मानस रंजन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने अंगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है, वहीं नेत्रदान और देहदान भी समाज और चिकित्सा शिक्षा के लिए अहम योगदान हैं।
कार्यक्रम संयोजक प्रतीक भोई ने बताया कि अब तक 450 से अधिक नागरिक अंगदान और देहदान का संकल्प ले चुके हैं। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने राष्ट्रीय अंगदान दिवस की तिथि 27 नवंबर से बदलकर 3 अगस्त कर दी है, जो 1994 में देश के पहले सफल मृतक-दाता हृदय प्रत्यारोपण की स्मृति में तय की गई है। संस्था ने 3 अगस्त 2027 तक 10 हजार नागरिकों को अंगदान का संकल्प दिलाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी अंगदान और देहदान का संकल्प लिया।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#अंगदान #भिलाई #दुर्ग #छत्तीसगढ़ #देहदान
