नोएडा। प्राधिकरण ने तीन गांव सलारपुर, भंगेल और हाजीपुर के करीब 45 खसरों की जमीन को लेकर आम लोगों के लिए अपील की है कि वह यहां पर किसी भी प्रकार की खरीद फरोख्त न करे।
स्पष्ट कहा है कि इन खसरों पर किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त करने से पहले पूरी जानकारी प्राधिकरण से जरूर हासिल कर लें, अन्यथा वित्तीय नुकसान की जिम्मेदारी खरीदारों और विक्रेता की होगी।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार अधिसूचित, अर्जित और पट्टे के माध्यम से प्राप्त जमीनों पर कुछ भूमाफिया और अतिक्रमणकर्ताओं ने अवैध निर्माण कर रखा है। इन अवैध कब्जों के खिलाफ समय-समय पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की जा रही है। कई मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि कुछ अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज कराई जा चुकी है।
नोएडा प्राधिकरण द्वारा भंगेल सलारपुर और हाजीपुर गांव में अवैध रूप से विक्रय की जा रही भूमि का जारी किया गया सेटेलाइट इमेज। सौ. अधिकारी
यह भी स्पष्ट किया है कि इन खसरों पर किसी भी भवन या भूखंड का मानचित्र प्राधिकरण में स्वीकृत नहीं किया गया है। ऐसे में यहां बने निर्माण पूरी तरह अवैध हैं, इन क्षेत्रों में बिजली, पानी, सीवर, सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। लोगों से कहा है कि किसी भी जमीन या भवन की खरीद-बिक्री से पहले उसकी स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
