मंत्री असीम अरुण की अपील- नवविवाहिताएं और 18 साल पूरे कर चुके युवा जरूर जुड़वाएं नाम

कन्नौज, 28 नवंबर। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने मतदाता जोड़ो अभियान तेज कर दिया है और इसमें महिलाओं को अहम जिम्मेदारी दी जा रही है। इसी क्रम में कन्नौज स्थित बीजेपी जिला कार्यालय में मातृशक्ति कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने महिलाओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और अपात्र नाम हटवाने पर जोर दिया जा रहा है।
मंत्री ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नवविवाहिताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शादी के बाद दूसरे स्थान पर गई बेटियां और बहू बनकर नए घर आई महिलाएं अपने नए निवास स्थान पर नाम दर्ज कराएं। कार्यशाला में महिला कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#कन्नौज #असीमअरुण #मतदातासूची #भाजपा #यूपीचुनाव2027
