बरनाला। केसी रोड स्थित गली नंबर 11 में एक घर के अंदर एसी की मरम्मत करते समय हुए अचानक धमाके में एक युवक मैकेनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सिकंदर सिंह के रूप में हुई है, जो गांव ठीकरीवाल का रहने वाला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकंदर सिंह अपने साथियों के साथ एक घर में खराब एसी की मरम्मत करने पहुंचा था। मरम्मत का कार्य चल रहा था कि अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए।

