प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर है, जिसका इंजन युवा शक्ति और अनुकूल जनसांख्यिकी है। उन्होंने राज्यों से विनिर्माण, कारोबार सुगमता और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा देने का आह्वान किया। पीएम ने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के लिए गुणवत्ता पर जोर दिया और भारत को वैश्विक सेवा महाशक्ति तथा दुनिया का ‘फूड बास्केट’ बनाने की क्षमता पर बात की। सम्मेलन में कौशल विकास और तकनीक पर भी चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री तीन दिवसीय पांचवें राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन का विषय ‘विकसित भारत के लिए मानव पूंजी’ था। मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश अगली पीढ़ी के सुधारों का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इस जनसांख्यिकी को सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जाए।
