नई दिल्ली। कर्ज से जूझ रही दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया (वीआई) ने प्रवर्तक आदित्य बिड़ला समूह से वॉरंट जारी कर 1,182 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि निदेशक मंडल ने सोमवार को 11 रुपये प्रति वॉरंट के भाव पर 430 करोड़ वॉरंट आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी सूर्याजा इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित करने को मंजूरी दी।
इस प्रस्ताव के तहत कंपनी को निर्गम मूल्य का 25 प्रतिशत यानी 2.75 रुपये प्रति वॉरंट के भाव से 1,182.50 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। प्रत्येक वॉरंट को 18 महीने के भीतर एक पूर्ण चुकता इक्विटी शेयर में बदला जा सकेगा, जिसके लिए बाकी 75 प्रतिशत राशि का भुगतान करना होगा। वोडाफोन आइडिया को अगले तीन वर्षों में लगभग एक लाख करोड़ रुपये नकदी की जरूरत है, जिसके लिए वह नकदी प्रवाह बढ़ाने, नए कर्ज, कर रिफंड और प्रवर्तक के निवेश पर निर्भर है।

