राज्यपाल ने विकास का स्पष्ट रोडमैप बनाने, पर्यटन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने पर दिया जोर

रांची, 27 नवंबर। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि वर्ष 2000 में बने झारखंड को 2050 तक एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का संकल्प लेना चाहिए। इसके लिए विकास का स्पष्ट और व्यावहारिक रोडमैप तैयार कर राज्य सरकार को सौंपा जाना चाहिए। वे रांची में आयोजित ‘झारखंड चर्चा’ को संबोधित कर रहे थे।
संसाधनों को उपलब्धियों में बदलने की जरूरत
राज्यपाल ने कहा कि खनिज, वन संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य और जनजातीय संस्कृति वाले इस राज्य में विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। निवेश, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देकर उद्योग और स्थानीय रोजगार बढ़ाने होंगे। जलप्रपातों, पहाड़ियों, जनजातीय जीवनशैली और हस्तशिल्प को पर्यटन से जोड़कर नए अवसर बनाए जा सकते हैं।
गांव, महिलाएं और शिक्षा पर फोकस
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। आदिम जनजातीय समूहों, एकल महिला मुखिया वाले परिवारों और भूमिहीन मजदूरों तक रोजगार के स्थायी अवसर पहुंचाने होंगे। महिला स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर भी उन्होंने जोर दिया। राज्यपाल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण और दूर-दराज इलाकों तक बेहतर इलाज की सुविधा को भविष्य का आधार बताया।
इनपुट: प्रसार भारती शब्द
#Jharkhand #SantoshGangwar #JharkhandCharcha #Ranchi
