जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील में गुरुवार रात करीब नौ बजे आपसी विवाद के बाद दो पक्ष भिड़ गए। एक धार्मिक स्थल के बाहर लगी रैलिंग टूटने से लोग आक्रोशित हो गए। इससे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। इसमें कुछ लोगों के आंशिक घायल होने की सूचना है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और अश्रु गैस के गोले भी छोड़े।

तनाव को देखते हुए मौके पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय पहुंचे। अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हालात नियंत्रण का दावा करते हुए जांच के बाद मामला दर्ज करने की बात कही है।
जबलपुर से अतिरिक्त पुलिस बलाकर तैनात किया गया है
घटना सिहोरा के वार्ड क्रमांक पांच के आजाद चौक की है। जहां पर दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने है। रात को करीब नौ बजे मंदिर में आरती हो रही थी। उसी समय कुछ लोग मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे। तभी दोनों समुदाय के युवकों के बीच में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
