नई दिल्ली। भारत-बांग्लादेश सीमा को अभेद्य बनाने के ऐलान के बाद गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए सीमाओं का दौरा करेंगे। इसकी शुरूआत मंगलवार का राजस्थान में बीकानेर के पास सीमा चौकी का दौरा करने से होगी। बाद में शाह का गुजरात, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के सीमाओं का भी दौरा करने का कार्यक्रम है।
भारत के बॉर्डर राज्यों का दौरा करेंगे अमित शाह
शुक्रवार को बीएसएफ के एक कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने बताया था कि सीमाओं को अभेद्य बनाने के लिए ‘स्मार्ट बॉर्डर प्रोजेक्ट’ पर काम हो रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत पाकिस्तान और बांग्लादेश की पूरी सीमा पर ‘तकनीक आधारित स्मार्ट सिक्योरिटी ग्रिड’ खड़ी की जाएगी। इसका रोडमैप बनाने पर काम शुरू हो गया है।
‘स्मार्ट बॉर्डर प्रोजेक्ट’ में सीमाओं की निगरानी में ड्रोन, रडार, आधुनिक कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। अगले एक साल में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह अगले कुछ दिनों में भारत के बॉर्डर क्षेत्रों का प्रवास करेंगे और सुरक्षा संबधी बैठकें करेंगे।

