नई दिल्ली। विदेशी सहायता नियमन कानून (एफसीआरए) की पूरी प्रणाली अब डिजिटल होगी। इसके लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एफसीआरए 2.0 पोर्टल लॉन्च किया।
इस पोर्टल के माध्यम से एफसीआरए के तहत आवेदन करने से लेकर सारे दस्तावेज जमा किए जा सकेंगे। भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को दी जाने वाला ओसीआइ कार्ड भी अब डिजिटल होगा। शाह ने ई-ओसीआइ कार्ड योजना का भी शुभारंभ किया।
एफसीआरए 2.0 पोर्टल और ई-ओसीआइ कार्ड लॉन्च करते हुए अमित शाह ने कहा कि इन दोनों की शुरुआत लोगों की सहूलियत बढ़ाने में बहुत लाभकारी सिद्ध होगी। इनसे नागरिकों की सुविधाएं बढ़ेंगी और विशेष रूप से एफसीआरए पोर्टल से दान प्राप्त करने वालों की दिक्कतों का निवारण होगा।

