मुंबई : मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह की तगड़ी फैन फॉलोइंग किसी से छिपी नहीं है। जब भी उनका कोई लाइव कॉन्सर्ट होता है, तो हजारों की भीड़ का उमड़ना तय होता है। लेकिन मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित एमएमआरडीए ग्राउंड में 28 मार्च को हुए हनी सिंह के लाइव कॉन्सर्ट ने एक नया और बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। कॉन्सर्ट में भारी अव्यवस्था और नियमों की धज्जियां उड़ने के बाद पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। जानकारी के मुताबिक, कॉन्सर्ट के दौरान अवैध तरीके से लेजर लाइट का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

पुलिस की सख्त चेतावनी को किया नजरअंदाज
दरअसल, पुलिस ने हनी सिंह के इस बहुप्रतीक्षित कॉन्सर्ट को लेकर पहले ही सख्त हिदायत दी थी कि कार्यक्रम स्थल एयरपोर्ट जोन के काफी करीब है, इसलिए वहां किसी भी कीमत पर लेजर लाइट का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। लेकिन आयोजकों ने इस अहम मनाही के बावजूद पुलिस के नियमों को ताक पर रख दिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऑर्गेनाइजर ‘तमन्नाज वर्ल्डवाइड एडवरटाइजमेंट’ के इंद्रजीत सिंह के खिलाफ आधिकारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि इन अवैध लेजर लाइट्स के इस्तेमाल से सीधे तौर पर मुंबई एयरपोर्ट जोन की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा पैदा हो गया था।
12 हजार की परमिशन, पहुंच गए 20 हजार लोग
हनी सिंह के कॉन्सर्ट के ऑर्गेनाइजर की मुश्किलें सिर्फ लेजर लाइट तक ही सीमित नहीं हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आयोजकों ने पुलिस को कॉन्सर्ट में करीब 12 हजार लोगों के आने की जानकारी दी थी और उसी के आधार पर इजाजत ली गई थी। लेकिन असलियत में इस कॉन्सर्ट को देखने के लिए 18 से 20 हजार लोगों की भारी भीड़ वहां पहुंच गई। पहले ही एंट्री को लेकर वहां हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला और फिर जरूरत से ज्यादा भीड़ आ जाने के कारण पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था संभालने में पसीने छूट गए। ऑर्गेनाइजर की इस बड़ी लापरवाही ने कानून व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा दोनों को खतरे में डाल दिया था।
अब इन शहरों में होने वाला है हनी सिंह का ग्रैंड टूर
बता दें कि यो यो हनी सिंह इन दिनों देश के अलग-अलग हिस्सों में अपना भव्य लाइव कॉन्सर्ट कर रहे हैं, जिसके टूर का नाम ‘माई स्टोरी इंडिया चैप्टर’ रखा गया है। 28 मार्च को मुंबई में हुए इस कॉन्सर्ट में फैंस सिंगर के ब्लॉकबस्टर गानों ‘डोप शॉप’, ‘ब्लू आइज’, ‘ब्राउन रंग’ और ‘मिलियनेयर’ पर झूमते नजर आए। मुंबई के बाद अब यह टूर देश के अन्य शहरों में तहलका मचाने वाला है। आने वाले 4 अप्रैल को पुणे, 11 अप्रैल को कोटा, 25 अप्रैल को इंदौर, 2 मई को लखनऊ और 9 मई को कोलकाता में हनी सिंह की धमाकेदार परफॉर्मेंस होने वाली है। वहीं, इस ग्रैंड म्यूजिकल टूर का शानदार समापन 16 मई को बेंगलुरु में किया जाएगा।
