वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सीमा के अंदर घुसकर अपने एक पायलट को सुरक्षित बाहर निकालने का बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए अपनी पीठ थपथपाई है, लेकिन दूसरी तरफ ईरान ने इस पूरे मामले को लेकर एक अलग ही कहानी पेश की है। ईरान का दावा है कि पायलट को बचाने के इस अभियान के दौरान उसने अमेरिका के कई विमानों और फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स को मार गिराया है। इस जबरदस्त दावे और पलटवार ने पश्चिमी एशिया में पहले से ही सुलग रहे तनाव को एक भयानक मोड़ दे दिया है।

ईरान का दावा- हमने मार गिराए अमेरिका के विमान
ईरान के पुलिस कमांड ने बयान जारी कर बताया है कि दक्षिण इस्फहान में उन्होंने अमेरिका का एक सी-130 एयरक्राफ्ट मार गिराया है। इस जॉइंट ऑपरेशन को ईरान के एयरोस्पेस, ग्राउंड फोर्स और पॉप्युलर यूनिट ने मिलकर अंजाम दिया। इसके अलावा, खाटम अल अनबिया केंद्रीय मुख्यालय ने भी दावा किया है कि ईरानी सशस्त्र बल की यूनिफाइड कमांड ने अमेरिका के दो ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों को हवा में ही तबाह कर दिया है। इससे ठीक पहले ईरानी सेना ने दो इजरायली ड्रोन्स को नष्ट करने की बात भी कही थी।
ट्रंप का पलटवार, बोले- ईरान के आसमान में हमारी चलती है
ईरान के नुकसान वाले दावों को सिरे से खारिज करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके रेस्क्यू ऑपरेशन में अमेरिकी सेना को रत्ती भर भी नुकसान नहीं पहुंचा है। ट्रंप का कहना है कि यह सफल अभियान पूरी दुनिया को साबित करता है कि ईरान के आसमान में भी केवल अमेरिका की ही हुकूमत चलती है। इसके साथ ही ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर यह सनसनीखेज दावा किया कि तेहरान में किए गए एक भीषण हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों का खात्मा कर दिया गया है। ट्रंप ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें धुआं उठता दिख रहा है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह क्लिप किस जगह की है।
ईरान ने दी सैन्य ठिकानों को तबाह करने की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों के बाद ईरान बुरी तरह भड़क उठा है। ईरान के खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के जनरल अली अब्दुल्लाही अली आबादी ने अमेरिका को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनके बुनियादी ढांचे पर कोई भी अमेरिकी या इजरायली हमला हुआ, तो पश्चिमी एशिया में मौजूद सभी अमेरिकी सैन्य संपत्तियों और इजरायली ठिकानों पर विनाशकारी और निरंतर हमले किए जाएंगे।
गोलीबारी में पांच ईरानियों की मौत
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ईरानी मीडिया ने एक और बड़ा दावा किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीती रात कूह-ए-सिया इलाके में अमेरिकी सेना अपने पायलट की तलाश कर रही थी। इस दौरान हुई जबरदस्त गोलीबारी में कम से कम पांच ईरानियों की जान चली गई है। मारे गए सभी लोग कोहगीलुये और बोयर अहमद प्रांत के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
