नई दिल्ली। उत्तर दिल्ली के तिमारपुर इलाके में कारोबारी के घर हुई करीब तीन करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण और नकदी की चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी घरेलू सहायक अनिल कामत, उसके ससुर देव चंद्र साह और एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। बरामद सामान में सोने और हीरे के 117 आभूषण तथा करीब 4.34 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक वारदात छह सितंबर को माल रोड स्थित रिवेरा अपार्टमेंट में हुई थी। कारोबारी का परिवार दो सितंबर को विदेश गया था। परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर घर में काम करने वाले दो सहायकों ने कथित तौर पर चोरी की। घर लौटने पर ताले टूटे मिले और अलमारियों से आभूषण व नकदी गायब थी।
जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली, बिहार और झारखंड में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्धों को दो बैग लेकर घर से निकलते देखा गया। इसके बाद तकनीकी निगरानी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। नाबालिग को झारखंड के गिरिडीह से पकड़ा गया, जबकि मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार चोरी के आभूषणों को आरोपी के ससुराल में जमीन के करीब पांच फीट नीचे छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान एक बैग भूसे के ढेर से भी बरामद हुआ, जिसमें नकदी और अन्य सामान था। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए बैग भी बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी कथित तौर पर चोरी के पैसों से नेपाल में रेस्तरां खोलने की योजना बना रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की साजिश तथा अन्य संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
