बेंगलुरु। कर्नाटक के बागलकोट जिले से बच्चों के साथ दुर्व्यवहार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां क्रिकेट खेलते समय गेंद गलती से एक महिला को लग जाने पर दो नाबालिग लड़कों को कथित तौर पर स्कूल की ग्रिल से रस्सी से बांधकर चप्पलों और हाथों से पीटा गया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे बागलकोट जिले के बादामी तालुक स्थित नरेनूर लांबाणी टांडा-01 के सरकारी कन्नड़ प्राथमिक विद्यालय परिसर में हुई।
नाबालिग बच्चों को स्कूल की ग्रिल से बांधा
रविवार को अवकाश होने के कारण कुछ बच्चे स्कूल परिसर में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते समय गेंद पास में रहने वाली एक महिला को लग गई।
बागलकोट के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल ने बताया कि शिकायत के अनुसार गेंद लगने से नाराज महिला ने बच्चों को अपशब्द कहे और अन्य लोगों को उन्हें सजा देने के लिए उकसाया। इसके बाद कुछ लोगों ने दो बच्चों को स्कूल परिसर की लोहे की ग्रिल से रस्सी के सहारे बांध दिया और उनके साथ मारपीट की।
