नई दिल्ली। अफगानिस्तान के विरुद्ध वनडे सीरीज में शानदार शुरुआत करने के बाद भारतीय टीम अब अगले दौरे के लिए तैयार है। भारतीय टीम इसी महीने आयरलैंड का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज पर सभी की निगाहें इसलिए भी रहेंगी, क्योंकि भारतीय टीम पहली बार नए टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में मैदान पर उतरेगी।
कप्तान बनने के बाद यह अय्यर की पहली टी-20 सीरीज होगी। ऐसे में इसे उनकी कप्तानी की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। इस दौरे के लिए भारतीय खिलाड़ी मंगलवार को, जबकि कोच बुधवार को रवाना हो सकते हैं। श्रेयस अय्यर को ऐसे समय में टीम की कमान सौंपी गई है जब भारत हाल के वर्षों में टी-20 क्रिकेट में बेहद सफल रहा है।

