साहिबाबाद (गाजियाबाद)। राज्य कर विभाग ने वसुंधरा सेक्टर-18 स्थित नामी बैंक्वेट हॉल पर सोमवार को हुई छापामारी में राज्यकर अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर एक करोड़ की टैक्स चोरी का पर्दाफाश किया है।
अधिकारियों छापा मारने से पहले कई दिन ग्राहक बनकर बैंक्वेट हॉल की रेकी की। इस दौरान बुकिंग के रेट, दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी जुटाई गई। कार्रवाई के बाद सामने आया कि बुकिंग राशि के मुकाबले रिटर्न दाखिल करते समय कम राशि दिखाई जा रही थी।

विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
संयुक्त आयुक्त एसआइबी विशाल पुंडीर ने बताया कि मौके से आय-व्यय संबंधी जरूरी दस्तावेज लिए थे। इनकी जांच मंगलवार को अधिकारियों ने की तो कई चौंकाने वाले खुलासे भी हुए।
आम ग्राहक बनकर बैंक्वेट हॉल का दौरा किया
उन्होंने बताया कि विभाग को सूचना मिली कि बैंक्वेट हॉल संचालक ग्राहकों से मोटी रकम वसूल करने के बावजूद रिटर्न में बेहद कम राशि दर्शा रहा था। इसके लिए खुफिया तरीके से कई दिनों तक आम ग्राहक बनकर बैंक्वेट हॉल का दौरा किया, बुकिंग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी की और वहां दी जाने वाली सेवाओं और वसूले जाने वाले वास्तविक शुल्क का ब्योरा एकत्र किया।
