नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि राजग सरकार देश में युवा नेतृत्व वाले विकास के लिए पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक भारतीय युवाओं का अपने सपनों को पूरा करने के लिए बढ़ा अटूट आत्मविश्वास है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा विज्ञान, तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग, स्पेस, सेमीकंडक्टर और ड्रोन जैसे भविष्य को आकार देने वाले क्षेत्रों में अपनी धाक जमा रहा है।

स्टार्टअप व नवाचार का नया इकोसिस्टम ‘एक्स’ पर ‘युवा शक्ति के 12 वर्ष’ के साथ पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने सरकार की प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’ और ‘अटल इनोवेशन मिशन’ जैसी पहलों से देश में नवाचार और उद्यमिता का एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार हुआ है।
इसकी बदौलत आज भारत दुनिया के अग्रणी स्टार्टअप देशों में शामिल है। सबसे खास बात यह है कि सफलता की ये कहानियां देश के छोटे शहरों और गांवों के युवाओं द्वारा लिखी जा रही हैं।
इसके अलावा, पीएम मुद्रा योजना के तहत 12 करोड़ से अधिक उद्यमियों को ऋण देकर युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खोले गए हैं। खेल जगत में बढ़ रहा देश का मान मोदी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय एथलीटों के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की।
