हैदराबाद। तेलंगाना के सिकंदराबाद से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां महज 110 रुपये कैश और एक साधारण मोबाइल फोन के लिए एक दिहाड़ी मजदूर की पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कई दिनों की जांच के बाद हैदराबाद पुलिस ने इस मामले में दो डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने लूटपाट के इरादे से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
बता दें कि मृतक की पहचान 38 वर्षीय जय प्रकाश देशमुख के रूप में हुई है। जय प्रकाश पेशे से मजदूर थे और काम की तलाश में हैदराबाद आए थे। वह अक्सर अलग-अलग कंस्ट्रक्शन साइट्स पर ही रहा करते थे। 2 जून को वह मियापुर में रहने वाले अपने भाई से मिलने के लिए सिकंदराबाद आए थे, लेकिन अगली ही सुबह उनकी मौत की खबर आई।

