कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कोलकाता हवाई अड्डे पर लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एसएन सुब्रमण्यन के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
शाम में करीब 30 मिनट तक चली इस बैठक में बंगाल के औद्योगिक पुनरुत्थान, बड़े निवेश आकर्षित करने और राज्य में आर्थिक विकास को गति देने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने राज्य में उद्योगों के लिए मजबूत और अनुकूल वातावरण तैयार करने, नई परियोजनाओं को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं और देश के अग्रणी औद्योगिक समूहों के साथ रणनीतिक साझेदारी राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं के सहयोग से निवेश, अवसंरचना विकास और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की जा सकती है। बैठक के दौरान औद्योगिक विकास के लिए दीर्घकालिक रणनीति, निवेश-अनुकूल नीतियों और विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने और निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीतिक और औद्योगिक हलकों में इस मुलाकात को बंगाल में नई सरकार बनने के बाद निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
