नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का प्रोजेक्ट संगम अब जनभागीदारी का मजबूत मंच बनता जा रहा है। पिछले पखवाड़े में ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के विभिन्न इलाकों में 61 सामुदायिक बैठकें आयोजित कर आरडब्ल्यूए, बाजार संघों, ऑटो और ई-रिक्शा यूनियनों, टैक्सी संचालकों तथा छात्रों से सीधे संवाद किया।

इस दौरान लोगों से 104 शिकायतें और सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से 87 का समाधान ट्रैफिक पुलिस ने अपने स्तर पर किया, जबकि 16 मामलों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और एमसीडी जैसी एजेंसियों को भेजा गया।
अवैध पार्किंग के खिलाफ 40 से अधिक विशेष अभियान चलाए गए
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, प्रोजेक्ट संगम के तहत गलत दिशा में वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध पार्किंग के खिलाफ 40 से अधिक विशेष अभियान चलाए गए, जिनमें हजारों चालान किए गए। वहीं 61 बैठकों के माध्यम से 700 से अधिक लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
