नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बीते दो दिनों में बढ़ी तनातनी कम होती दिख रही है। दोनों देशों के बीच तैयार किए गए प्रारंभिक समझौता मसौदे पर सहमति बनने के संकेत मिले हैं और अब अंतिम फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और ईरान के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी पर टिका है।

ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ बैठक कर मसौदे पर अंतिम निर्णय लेंगे। हालांकि, उन्होंने ईरानी बंदरगाहों से नौसैनिक नाकेबंदी हटाने के संकेत दिए हैं।
परमाणु मुद्दे पर समझौते से इनकार
हालांकि, ईरान ने अपनी तरफ से ढील न देने के संकेत दिए हैं और परमाणु मुद्दे पर किसी तरह के समझौते से इनकार किया है। ईरान के प्रमुख वार्ताकार एमए गलीबाफ ने कहा है कि अमेरिका को बातें कम और समझौते पर कार्रवाई ज्यादा करनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि ईरान को अमेरिका की बातों पर कोई भरोसा नहीं है।
