नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि राजग सरकार के 10 वर्षों ने असम को ‘हिंसा के केंद्र’ से शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के केंद्र में बदल दिया है।
उन्होंने यहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेते हुए कहा कि लोग भाजपा नेतृत्व वाली सरकार को बार-बार चुनते हैं क्योंकि उनके कार्यों का रिकार्ड शानदार है।

वह जानते हैं कि राजग सरकार ही राज्य का विकास कर सकती है।शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- ‘पिछले 10 वर्षों में असम को हिंसा के केंद्र से शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के केंद्र में बदल दिया गया है।’
पूर्वोत्तर राज्य ने कई दशकों तक उग्रवादी गतिविधियों का सामना किया है। राजग सरकार ने विकास और सुरक्षा की एक मजबूत नींव रखी है, जिस पर अब प्रगति की एक भव्य इमारत बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा- ‘तीसरी बार भाजपा नेतृत्व वाले राजग को चुनकर असम के लोगों ने यह पुष्टि की है कि भाजपा-राजग सरकारें विश्वास की सरकारें हैं। मैं असम के लोगों को ऐतिहासिक जनादेश के लिए नमन करता हूं।’
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार असम के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सरमा ने शाह की शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह में मौजूद रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आशा व्यक्त की कि असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में नई एनडीए सरकार विकास, समावेशी विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएगी।
राजनाथ सिंह ने सरमा को शुभकामनाएं दीं। इस पर सरमा ने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में राजग सरकार एक बेहतर और उज्जवल असम के निर्माण की दिशा में काम करती रहेगी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि असम में ‘डबल-इंजन’ सरकार विकास कार्यों, निवेश और जन कल्याण कार्यक्रमों को गति देगी।
