नई दिल्ली। मौसमी उतार चढ़ाव के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राष्ट्रीय राजधानी समेत एनसीआर के शहरों में मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार दोनों ही दिनों के लिए तेज हवा के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है।
इस बीच मंगलवार सुबह-सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। नोएडा में हल्की बूंदाबांदी से ऑफिस जाने वाले लोग भीगते दिखे तो वहीं फरीदाबाद में भी बूंदाबांदी के बीच बच्चे स्कूल जाते नजर आए।

तेज हवा चलने की संभावना
दोनों दिन न केवल बादल छाए रहेंगे बल्कि 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा के कई दौर होंगे। मौसम के इस बदलाव से तापमान में भी तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट संभावित है। दोनों ही दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी हो चुका है।
इस बीच सोमवार को मौसम का मिश्रित मिजाज देखने को मिला।बादलों की आवाजाही के बीच धूप भी निकली रही। वर्षा कहीं नहीं हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 33.3 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 80 से 27 प्रतिशत रिकार्ड हुआ।
दूसरी ओर दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल साफ ही चल रही है। साेमवार को राजधानी का एक्यूआइ 135 यानी ”मध्यम” श्रेणी में दर्ज किया गया। एक दिन पूर्व रविवार को यह 134 और शनिवार को 137 रहा था। यानी हवा लगातार ”मध्यम” श्रेणी में ही चल रही है और हाल फिलहाल इसमें अधिक बदलाव की संभावना भी नहीं है।
