दिल्ली-एनसीआर में मानसून की सक्रियता के कारण अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 14 से 19 अगस्त के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के आसपास मानसून की अक्षीय रेखा सक्रिय बनी हुई है। यह रेखा राजस्थान से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की ओर से गुजर रही है, जिसके कारण राजधानी और आसपास के इलाकों में बार-बार बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के पास बना निम्न दबाव का क्षेत्र भी उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश पूरे क्षेत्र में एक समान नहीं होगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर अचानक तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। गुरुग्राम समेत एनसीआर के कुछ हिस्सों में कम समय के लिए तेज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
बारिश के कारण तापमान में राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन उमस बनी रह सकती है। तेज बारिश की स्थिति में दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर जलभराव और यातायात की गति प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहेगी। वाहन चालकों को सावधानी से यात्रा करने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। लाल किले पर होने वाले ध्वजारोहण समारोह के दौरान हल्की बारिश या कुछ समय के लिए बौछार पड़ सकती है, हालांकि मौसम विशेषज्ञों को समारोह में बड़े व्यवधान की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने और तेज बारिश या आंधी के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है।
