नई दिल्ली। ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म (OYO IPO News) को बाजार नियामक सेबी से अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 6,650 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी मिल गई है। मामले से जुड़े लोगों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सार्वजनिक पेशकश से कंपनी का मूल्यांकन सात से आठ अरब डॉलर होने की उम्मीद है। वैश्विक यात्रा प्रौद्योगिकी यूनिकॉर्न (एक अरब डॉलर या उससे अधिक मूल्यांकन वाले स्टार्टअप) ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म ने गोपनीय माध्यम से दिसंबर, 2025 के अंत में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष आईपीओ के लिए प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए थे।

दस्तावेज 20 दिसंबर, 2025 को आयोजित असाधारण आम बैठक (ईजीएम) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद दखिल किए गए। बैठक में कंपनी को इक्विटी शेयर के नए निर्गम के माध्यम से 6,650 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी मिली है। प्रिज्म ने गोपनीय पूर्व-फाइलिंग मार्ग का विकल्प चुना। यह विकल्प कंपनी को बिना इसे सार्वजनिक रूप से प्रकट किए अपने मसौदा दस्तावेज पर प्रारंभिक प्रतिक्रिया के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के साथ बातचीत करने की अनुमति देता है।
