नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के बीच अकेले मई में 157 अज्ञात बेघरों की मौत हो गई। दिल्ली पुलिस के जिपनेट डाटा के हवाले से सेंटर फार होलिस्टिक डेवलपमेंट (सीएचडी) ने यह दावा करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिख इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में सीएचडी ने आरोप लगाया है कि अत्यधिक गर्मी, राहत व्यवस्थाओं की कमी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण दिल्ली के हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।
अकेले आइपी एस्टेट थाना क्षेत्र में 10 अज्ञात मौतें दर्ज की गईं। सीएचडी ने आशंका जताई है कि वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है, क्योंकि कई मामलों की पहचान और पंजीकरण नहीं हो पाता। सीएचडी के कार्यकारी निदेशक सुनील अलेड़िया ने बताया कि दिल्ली पुलिस के जिपनेट डाटा के विश्लेषण में सीएचडी ने पाया कि उत्तर जिले में सबसे अधिक 31 मौतें दर्ज हुईं। मध्य जिले में 26 मौतें सामने आईं, जबकि रेलवे और ट्रांजिट कारिडोर क्षेत्रों में 21 मौत दर्ज हुई है।

